हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की प्रतिभा, ज्ञान एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 पहल के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्पंदन छात्र कल्याण क्लब के अधीन शब्द शिल्प क्लब के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता एवं अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। आज के युवाओं को ज्ञान, नवाचार और नेतृत्व क्षमता के साथ देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा अवसर
प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को आगामी चरणों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी आगे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। स्पंदन छात्र कल्याण क्लब एवं शब्द शिल्प क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता विकसित होने के साथ उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है।
