हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के छानी बड़ी गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते खेत में विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने अपने चचेरे भाई और चाची पर खेत में घुसकर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। भिरानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बलजीत सिंह (32) पुत्र बलवान सिंह जाट निवासी वार्ड नंबर 6, छानी बड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी चक 3 सीएचएन में कृषि भूमि है। उसके खेत के पास ही उसके चाचा हवासिंह का खेत स्थित है और दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जून को सुबह करीब 8.30 बजे वह अपने खेत में काम कर रहा था। उसी दौरान उसके चाचा का पुत्र राकेश पुत्र हवासिंह निवासी छानी बड़ी, उसके खेत में कांच की बोतल तोड़कर उसके टुकड़े डालने लगा। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो राकेश ने फोन कर अपनी मां दिलावती देवी को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने एक राय होकर शिकायतकर्ता के खेत में जबरन प्रवेश किया, उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट एवं चोटों के आधार पर राकेश पुत्र हवासिंह तथा दिलावती देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
