हनुमानगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर जिला क्लब में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों एवं पत्रकारों की टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में पत्रकारों की टीम ने अंतिम ओवर की दो गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दर्ज कर ली। मैच का उद्घाटन जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई एवं एडिशनल एसपी अरविन्द बिश्नोई ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की टीम की कप्तानी स्वयं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने की, जबकि पत्रकारों की टीम का नेतृत्व अदरीस खान ने किया। टॉस जीतकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 12 ओवर में 62 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकारों की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।


पत्रकारों की टीम के हरि चारण ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम के तीन खिलाड़ियों को लगातार आउट कर हैट्रिक बनाई। उन्होंने दो ओवर में मात्र 5 रन देकर तीन विकेट झटके। साथ ही अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण 32 रनों का योगदान दिया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कप्तान अदरीस खान ने भी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया।

उनकी और हरी चारण की जोड़ी ने अंत तक क्रीज पर टिके रहकर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। समापन समारोह में जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

