हनुमानगढ़। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर शुक्रवार को टाउन स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय व आध्यात्मिक भजन रघुपति राघव राजा राम के सामूहिक गायन से हुई। उसके उपरांत दो मिनट का मौन रखकर गांधीजी के आदर्शां, उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया गया। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष डॉ. सागरमल लड्ढा ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे गांधीजी के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकारात्मक सोच के साथ देश व समाज के निर्माण में योगदान दें। निदेशक गोपाल किशन लड्ढा, प्रधानाचार्य नेहा शर्मा ने गांधीजी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शां पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं एवं शिक्षाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे नई पीढ़ी उनके संदेशों को समझकर आगे बढ़ सके।
