हनुमानगढ़। पुलिस ने आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल शुरू की है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल के तहत अब पुलिस अधिकारी गांव-गांव जाकर ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच की दूरी को कम करना, विश्वास को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

इस नवाचार के अंतर्गत जिले के सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्र के गांवों का चयन कर वहां नियमित रूप से रात्रि चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पहली रात्रि चौपाल का आयोजन पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के अंतर्गत आने वाले ग्राम रोडावाली में किया गया। गांव के पंचायत घर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा, सीओ सिटी मीनाक्षी और थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गांव की सरपंच इसमा बीवी, पूर्व सरपंच नूर नबी भाटी, पूर्व सरपंच नरेंद्र डोटासरा, सरकारी विद्यालय के प्रिंसिपल राजा राम भाटिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य, वार्ड पंच, पटवारी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। इसके अलावा क्षेत्र के बीट अधिकारी एएसआई निकूराम और बीट कांस्टेबल जीतराम भी मौजूद रहे।

शुरुआत में ग्रामीणों में अपनी समस्याएं खुलकर रखने को लेकर थोड़ी झिझक देखने को मिली, लेकिन पुलिस अधीक्षक के सहज और आत्मीय व्यवहार ने माहौल को सकारात्मक बना दिया। जल्द ही ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। संवाद के दौरान ग्रामीणों ने गांव में वर्षों से कायम सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की सराहनीय परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गांव में विभिन्न धर्मों के लोग आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ रहते हैं और कभी किसी प्रकार का तनाव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की भी खुलकर प्रशंसा की। उनका कहना था कि स्थानीय पुलिस समस्याओं को गंभीरता से सुनती है और उनका समाधान भी समय पर करती है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय के चलते क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। हालांकि, चर्चा के दौरान कुछ समस्याएं भी सामने आईं। ग्रामीणों ने स्कूल मैदान में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिलों के पटाखों से होने वाले शोर-शराबे की शिकायत की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों को सख्त कदम उठाने को कहा।
इस अवसर पर एसपी ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए विशेष व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8764531201 साझा किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़ी किसी भी जानकारी को इस नंबर पर साझा करें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। हनुमानगढ़ पुलिस की इस जमीनी पहल को जिले भर में सराहना मिल रही है और इसे पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
