हनुमानगढ़। गांव माणुका में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी की सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए बसपा के केंद्रीय कोऑर्डिनेटर सी.पी. सिंह ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही समाज की वास्तविक हितैषी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस और भाजपा से सावधान रहने की अपील करते हुए अपने-अपने सेक्टर के सभी दस बूथों की समितियों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बसपा के प्रदेश प्रभारी प्रेम बारूपाल ने कहा कि आजादी के बाद से जनता ने बारी-बारी से कांग्रेस और भाजपा को समर्थन दिया, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को देखते हुए बसपा को मजबूत करने के लिए जुटने का आह्वान किया। लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से पूरी तैयारी और मजबूती के साथ संगठन विस्तार में लग जाएं, ताकि आने वाले चुनावों में बसपा के प्रत्याशी विजयी हो सकें। बैठक में ताराचंद परिवार, जनकराज बौद्ध, शेराराम मेघवाल, कल्पना बौद्ध, जगदीश, महावीर परिहार, पूरणराम, रामस्वरूप, करण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

