हनुमानगढ़। आजाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नई खुंजा निवासी एक व्यक्ति की गाय बरामद कराने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन के अनुसार वार्ड नंबर 4, नई खुंजा निवासी सुखदेव पुत्र बलवंत सिंह ने बताया कि 6 जून 2026 की शाम उसकी गाय घर से निकल गई थी। काफी तलाश करने के बाद उसे जानकारी मिली कि गाय खुंजा निवासी भूप भाट के घर बंधी हुई है। आरोप है कि गाय वापस मांगने पर भूप भाट ने उसे लौटाने से इनकार कर दिया। सुखदेव का कहना है कि उसने 12 जून 2026 को इस संबंध में सिटी थाना में परिवाद दिया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को भी व्यक्तिगत रूप से मामले की जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय लगातार थाने के चक्कर लगवा रही है। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के कब्जे से गाय बरामद कराई जाए तथा दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
