हनुमानगढ़। खाते की गिरदावरी सही करवाकर किसान की गेहूं की ढेरी को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर तुलवाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधियों ने सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसान सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि चक 4 एसटीजी के खाता संख्या 99 की भूमि किसान ओमप्रकाश की ओर से ठेके पर ली गई है। संबंधित पटवारी की ओर से इस भूमि की गिरदावरी शून्य दर्ज कर दी गई, जबकि खेत में गेहूं की बुवाई की गई थी और फसल तैयार होकर मंडी तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में किसान की गेहूं की ढेरी जंक्शन अनाज मंडी में पड़ी हुई है, लेकिन गिरदावरी सही नहीं होने के कारण उसकी फसल एमएसपी पर नहीं खरीदी जा रही है। इससे किसान को लाखों रुपए के आर्थिक नुकसान की आशंका है। किसान सभा ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित खाते की गिरदावरी शीघ्र दुरुस्त करवाई जाए तथा किसान की गेहूं की ढेरी को एमएसपी दर पर तुलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। इस दौरान बलदेव सिंह, रघुवीर सिंह और वेद मक्कासर सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। उधर, इस मुद्दे पर पटवारी विश्रुत बंसल ने बताया कि किसान ओमप्रकाश की मंदिर के नाम पर गिरदावरी थी। संस्थागत खाते सरकारी खसरों में शामिल होने से गिरदावरी शून्य हो गई थी। आॅफलाइन संशोधन कर दिया गया है लेकिन आॅनलाइन संशोधन मान्य करने की बात कही जा रही है। इसके लिए पोर्टल खुलवाने के प्रयास जिला कलक्टर के स्तर से चल रहे हैं। पोर्टल खुलने के बाद ही आॅनलाइन हो पाएगा।
