ऐलनाबाद। जिला पुलिस द्वारा संपत्ति विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डिंग थाना पुलिस ने खेतों से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान करीब 100 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी राज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र ज्ञानी राम निवासी थैहड़ मोहल्ला सिरसा, विपिन कुमार पुत्र उमेश कुमार निवासी नोहरिया बाजार सिरसा, बब्लू पुत्र रामजी लाल, दीपू पुत्र पप्पू निवासी मोहल्ला सिरसा तथा वकील उर्फ जगरूप सिंह पुत्र गोबिंद सिंह निवासी हुड्डा सेक्टर-19 सिरसा के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई मौजूखेड़ा निवासी जगविंद्र सिंह पुत्र हरभजन सिंह की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया था कि बीती 14/15 जनवरी 2026 की रात्रि को गांव भावदीन व मौजूखेड़ा के खेतों से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कई ट्यूबवेलों की केबल तार चोरी कर ली गई है। मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आया उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीआईए ऐलनाबाद व डिंग थाना की पुलिस टीमों का गठन कर मामले को शीघ्र अति शीघ्र सुलझाने की निर्देश जारी किए। इसके बाद सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को सिरसा क्षेत्र ले काबू कर लिया । डीएसपी राज सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने डिंग थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल केबल चोरी की 36 वारदातें कबूल की हैं। इसके अतिरिक्त रानियां थाना क्षेत्र में 16, सदर थाना क्षेत्र में 15, नाथूसरी चौपटा थाना में 13, जिला फतेहाबाद में 8, हिसार के आदमपुर व अग्रोहा क्षेत्र में 5 तथा राजस्थान के गोगामेड़ी क्षेत्र में लगभग 7 वारदातें करना स्वीकार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।सिरसा पुलिस ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें । सिरसा पुलिस द्वारा संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा ।
