हनुमानगढ़। जल उपयोक्ता संगठन, जल संसाधन खंड रावतसर की यूनियन बैठक अध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा की अध्यक्षता में रावतसर की जल संसाधन कॉलोनी में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जल उपयोक्ता संगठनों के अध्यक्षों की समस्याओं के साथ-साथ क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में अधिशासी अभियंता सुनील निवाद ने विभागीय योजनाओं और कार्यांे की जानकारी साझा करते हुए खाला निर्माण से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने अध्यक्षों को तकनीकी पहलुओं से अवगत कराते हुए कार्यांे में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने बैठक को संबोधित करते हुए शत प्रतिशत आबियाना वसूली करने वाले अध्यक्षों को बधाई दी और कहा कि रावतसर खंड हमेशा से आबियाना वसूली में अग्रणी रहा है तथा आगे भी अपनी यह पहचान बनाए रखेगा। उन्होंने सभी अध्यक्षों को चक प्लान उपलब्ध करवाने तथा विभाग के माध्यम से ऑनलाइन सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी। सूडा ने खाला निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पहले बेड को पानी से भरकर कुटाई करने और निर्माण कार्य को उच्च मानकों के अनुरूप करवाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि खाला निर्माण की प्रक्रिया आगामी तीन वर्षांे तक जारी रहेगी, इसलिए सभी अध्यक्षों को धैर्य रखते हुए चरणबद्ध तरीके से कार्य का इंतजार करना चाहिए। सहायक अभियंता भवानी शंकर और सहायक प्रशासनिक अधिकारी राकेश टाक ने एचआर (हेड रजिस्टर) तैयार करने के नए नियमों की जानकारी दी और अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कनिष्ठ अभियंता गौरव मीणा, पटवारी दयाल शेखावत, अरविंद शेखावत, अध्यक्ष हनुमान भांभू, ओम भादू, हनुमान पिलानिया, खेताराम डारा, प्रहलाद धेतरवाल, प्रेम जाखड़, नंदलाल भाखर, राजाराम गोरछिया, सोहन पिलानिया, सुभाष काकड़, अमर सहारण, जगदीश पूनिया, भालाराम छापोला, रविकांत शर्मा, रामकुमार गोदारा, दौलतराम, विजय गोदारा, अशोक बिश्नोई, जीतसिंह, जयनारायण गोस्वामी, मोतीराम मौजूद रहे।
