हनुमानगढ़। गुरुसर गांव में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब ग्रामीणों ने पंचायत भवन पर तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन में प्रशासक की ओर से कर्मचारियों की मिलीभगत से अनैतिक गतिविधियां की जा रही हैं। इसको लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और वहीं धरने पर बैठ गए।

ग्रामीण रणधीर सिंह ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे पंचायत भवन में पट्टा लेने के लिए आया था। उस समय प्रशासक के कार्यालय का गेट बंद था, जबकि बीडीओ और ई-मित्र कार्यालय खुले हुए थे और स्टाफ मौजूद था। पूछताछ करने पर कर्मचारियों ने बताया कि प्रशासक कहीं बाहर गए हुए हैं। इस पर रणधीर सिंह वहीं रुककर इंतजार करने लगा। करीब आधे घंटे बाद प्रशासक कक्ष का दरवाजा अंदर से खुला और प्रशासक बाहर आए।

उनके साथ एक महिला वार्ड पंच भी कमरे में मौजूद थी। रणधीर सिंह के अनुसार, जब उसने कार्यालय में महिला के होने को लेकर सवाल किया तो प्रशासक ने उसके साथ कथित रूप से हाथापाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की घटना से पूरे गांव की छवि खराब हुई है और पंचायत भवन जैसे सार्वजनिक स्थान की गरिमा को ठेस पहुंची है।

धरने पर बैठे ग्रामीणों ने प्रशासक को तत्काल निलंबित करने तथा पंचायत भवन में कार्यरत समस्त स्टाफ को बदलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक तालाबंदी जारी रहेगी। पंचायत भवन में तालाबंदी की सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।

उधर, शिकायत मिलने पर पंचायत समिति के विकास अधिकारी ने जांच होने तक कर्मचारियों को पंचायत समिति मुख्यालय में लगाने के आदेश जारी किए। इस पर ग्रामीण शांत हुए और तालाबंदी समाप्त की।
क्या बोले प्रशासक
उधर, ग्राम पंचायत प्रशासक रामेश्वर लाल कड़ेला ने ग्रामीणों के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि पट्टे जारी करने के लिए बंद कमरे में विचार-विमर्श किया जा रहा था।

संबंधित महिला वार्ड पंच पट्टे बनाने के लिए गठित कमेटी की सदस्य हैं। उन्हें पट्टों पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया गया था। चुनावी रंजिश के चलते कुछ लोग उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। कड़ेला ने आरोप लगाया कि रणधीर सिंह ने उसके साथ हाथापाई भी की।
