रावतसर। भारतीय किसान संघ रावतसर तहसील की मासिक बैठक सोमवार को किसान विश्राम गृह में तहसील अध्यक्ष जयवीर गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संभाग सदस्य प्रेम सिहाग एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र स्वामी ने भी संबोधित किया। बैठक में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने कहा कि वर्ष 2027 संगठन के लिए संगठनात्मक वर्ष रहेगा। मार्च माह से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा तथा अक्टूबर 2027 तक ग्राम समितियों, तहसील एवं जिला इकाइयों का गठन पूरा किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से संगठन विस्तार की तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान राशन वितरण में बायोमेट्रिक व्यवस्था बंद किए जाने, गेहूं उठाव में देरी तथा वारदाना वितरण की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाध्यक्ष सूडा ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं जिला रसद अधिकारी से बातचीत कर शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूरा करने के नाम पर बारी-बारी से बायोमेट्रिक व्यवस्था बंद करना उचित नहीं है। साथ ही जिले में धीमे गेहूं उठाव पर नाराजगी जताते हुए वारदाना उपलब्ध कराने की मांग रखी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। तहसील अध्यक्ष जयवीर गोदारा ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रावतसर तहसील संगठन की हर गतिविधि में अग्रणी भूमिका निभाएगी। उन्होंने ग्राम समिति अध्यक्षों से गांव स्तर पर अधिकाधिक बैठकें आयोजित करने का आह्वान किया। बैठक के बाद किसान संघ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने धान मंडी पहुंचकर सरकारी चना खरीद केंद्र पर तोल व्यवस्था का निरीक्षण किया, जहां तोल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इस अवसर पर जयपाल खोड़, ताराचंद उलानिया, महेंद्र भाखर, रोहतास पुनिया, राकेश कसवां, राजेंद्र राव, भंवरलाल सिहाग, मघाराम सिहाग, रामसिंह छींपा, लालचंद स्वामी, रामप्रताप स्वामी, हंसराज सिहाग, रामकुमार सिहाग, कृष्णलाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
