हनुमानगढ़। एमएसपी पर बेची गई गेहूं की फसल का भुगतान नहीं होने से परेशान किसान ने बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर बकाया राशि का तत्काल भुगतान करवाने की मांग की। किसान प्रतिनिधियों के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मिले देवकरण पुत्र चन्दूराम निवासी माणुका ने बताया कि चक 22 एमएमके, ग्राम पंचायत माणुका तहसील हनुमानगढ़ में कुलदीप सिंह पुत्र बलराज सिंह की करीब 22 बीघा कृषि भूमि है।

इस भूमि को दो किसान अलग-अलग हिस्सों में ठेके पर लेकर काश्त कर रहे हैं। देवकरण ने बताया कि वह करीब 18 बीघा भूमि ठेके पर लेकर काश्त कर रहा है। भूमि मालिक की ओर से दोनों किसानों के अलग-अलग ठेकानामे लिखवाए गए हैं। इनमें से एक किसान को उसकी फसल का भुगतान हो चुका है, लेकिन देवकरण की गेहूं का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। भुगतान अटकने के कारण उसे आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान ने जिला कलक्टर से मांग की कि उसकी ओर से एमएसपी पर बेची गई गेहूं की फसल का बकाया भुगतान तत्काल करवाया जाए, ताकि उसे आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके। इस मौके पर रेशमसिंह माणुका, सुभाष मक्कासर, रायसाहब चाहर सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
