संगरिया। संगरिया तहसील के गांव हरिपुरा निवासी किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से गेहूं की फसल की सरकारी खरीद पर किसानों को 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग की है। ढिल्लों ने कहा कि प्रदेश में अप्रैल माह से गेहूं की कटाई प्रारंभ होने जा रही है। किसान पूरी मेहनत और बढ़ती लागत के बीच फसल तैयार कर रहे हैं। सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की तैयारी एक सराहनीय कदम है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में यह किसानों की वास्तविक लागत की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने बताया कि बीज, खाद, कीटनाशक, डीजल, बिजली और मजदूरी की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे किसान पहले से ही आर्थिक दबाव में हैं। ऐसे में केवल समर्थन मूल्य पर खरीद से किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। बलकौर सिंह ढिल्लों ने मांग की कि सरकारी खरीद के साथ 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। यह निर्णय प्रदेश के लाखों किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री किसानों की स्थिति को समझते हुए इस मांग पर सकारात्मक एवं संवेदनशील निर्णय लेंगे।
