हनुमानगढ़। जिले में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर खाद्य एवं पेय पदार्थांे की जांच की जा रही है। एमएफटीएल वाहन संख्या आरजे 14 जीक्यू 4775 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर मौके पर ही खाद्य पदार्थांे की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। जांच के साथ-साथ आम नागरिकों को खाद्य सामग्री की खरीद व उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एमएफटीएल की ओर से 8 जुलाई को फतेहगढ़, 9 जुलाई को माणकसर एवं 10 जुलाई को बशीर क्षेत्र में खाद्य एवं पेय पदार्थांे की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन विशेष रूप से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच एमएफटीएल वाहन पर अवश्य कराएं, ताकि मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
