-राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धि होने पर लाभार्थी ने जताया राज्य सरकार का आभार
नोहर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत नोहर उपखंड के पटवार मंडल दीपलाना में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।शिविर के दौरान दीपलाना निवासी सुरेन्द्र कुमार सहारण पुत्र अमीलाल ने अपनी कृषि भूमि से संबंधित राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि का मामला प्रस्तुत किया। चक 22 डीपीएन के खाता संख्या 3 एवं 4 में स्थित भूमि के किला नंबर 15/1 एवं 15/2 की किस्म अलग-अलग दर्ज होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार एवं पटवारी द्वारा मामले की जांच कर राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक शुद्धि की गई तथा दोनों किलों की किस्म का सही अंकन कर राहत प्रदान की गई। इससे वर्षों से लंबित समस्या का समाधान मौके पर ही हो गया। लाभार्थी सुरेन्द्र कुमार सहारण ने बताया कि वह लंबे समय से इस त्रुटि के कारण परेशान थे। ग्रामीण सेवा शिविर में आवेदन करने पर त्वरित कार्रवाई कर उनके खाते की शुद्धि की गई, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों बाद राजस्व रिकॉर्ड में सुधार होने से उन्हें अत्यंत खुशी हुई है। ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही राहत मिल रही है।
