पीलीबंगा। कस्बे में सूरतगढ़-हनुमानगढ़ फोरलेन मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। घने कोहरे और सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण सामान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।

सुबह के समय दृश्यता कम होने के कारण चालक को सड़क का अंदाजा नहीं लग सका। फोरलेन पर स्थित एक बड़ा गड्ढा ट्रक के पलटने का तात्कालिक कारण बना। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक को गंभीर चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि ट्रक में रेलवे विभाग से संबंधित कीमती सामान लदा हुआ था।

सामान को दूसरे ट्रक में भरकर वहां से रवाना किया गया। वहीं पलटे ट्रक को जेसीबी की मदद से सीधा कर वहां से हटाया गया। घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसके कुछ समय बाद में सुचारू हो गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से फोरलेन पर बने गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
