हनुमानगढ़। टाउन के सेक्टर नम्बर तीन स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में 9 जनवरी से चल रहे श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का विधिवत समापन शुक्रवार को हवन व पूर्णाहुति के साथ हुआ। कथा का वाचन श्रीधाम वृन्दावन से आचार्य कृष्ण देव महाराज की ओर से किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित की। कथा का शुभारंभ 9 जनवरी को शोभायात्रा के साथ हुआ था। कथा का श्रवण करने बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ा, जिन्होंने कथा का लाभ प्राप्त किया। कथा के समापन पर हवन व पूर्णाहुति के बाद भण्डारा लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कथावाचक आचार्य कृष्ण देव महाराज के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति के जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति होती है। यह कथा पितृ मोक्ष के लिए की जाती है। हमारे पितृ जिनकी अकाल मृत्यु हो जाती है उनके मोक्ष की कामना भागवत भगवान से की जाती है। इस मौके पर मंदिर प्रधान शंकर गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

