हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र स्थित न्यू राजस्थान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दिनदहाड़े एक घर में घुसकर अज्ञात चोर मोबाइल फोन और बाहर खड़ी मोटर साइकिल चोरी कर ले गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर जंक्शन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार विशाल (21) पुत्र डेविड मजहबी निवासी मकान नंबर 15-बी, न्यू राजस्थान हाउसिंग बोर्ड, जंक्शन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ अजय सिंह के मकान में किराए पर रहता है। रिपोर्ट में बताया गया कि 2 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे उसने अपनी मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसडब्ल्यू 3684, जो उसके पिता डेविड पुत्र मुंशी सिंह के नाम पंजीकृत है, मकान के बाहर साइड में खड़ी कर दी और घर के अंदर चला गया। दोपहर का समय होने के कारण वह सो गया। आरोप है कि इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उसका रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। चोर घर के बाहर खड़ी मोटर साइकिल भी चोरी कर ले गए। विशाल ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे नींद खुलने पर उसने देखा कि मोबाइल फोन और मोटर साइकिल दोनों गायब थे। उसने आसपास काफी तलाश और पूछताछ की, लेकिन चोरी हुए सामान और आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। जंक्शन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुभाषचन्द्र को सौंपी गई है।
