-पुलिस लाइन निरीक्षण के बाद आईजी ने की अपराध समीक्षा बैठक
बीकानेर। बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओमप्रकाश ने गुरुवार को पुलिस लाइन पहुंचकर परेड और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संपर्क सभा में पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। बाद में आईजी ने जिले के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की। क्राइम मीटिंग में आईजी ओमप्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को साथ लेकर काम करें और लोगों में व्याप्त भय को कम करने का प्रयास करें। उन्होंने विशेष रूप से चूरू जिले में अन्य राज्यों से आने वाले तस्करों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि चूरू जिले में अपराध ग्राफ में कमी आई है और गैंगस्टरों पर काफी हद तक लगाम कसी गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि दूसरे जिलों की सीमाओं से आने वाले शराब और हथियार तस्करों की धरपकड़ के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। बैठक में पुलिस की कार्यशैली और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा भी की गई। साथ ही प्रदेश में बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को सक्रिय रहते हुए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार, सिकाउ एएसपी डॉ. कृष्णा सामरिया, एएसपी सतपाल सिंह शेखावत, डीएसपी सुनील कुमार झाझड़िया, कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया, सदर थानाधिकारी मोटाराम, महिला थानाधिकारी रचना विश्नोई सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
