ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिला भर में विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला सिरसा की पी.ओ. स्टाफ पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस मामले में वांछित एक भगोड़ा आरोपी को राजस्थान के तारानगर क्षेत्र से काबू किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि माननीय अदालत द्वारा आरोपी को कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद वह अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की लगातार अवहेलना करने पर माननीय अदालत ने 31 अगस्त 2024 को आरोपी इन्द्र चंद को भगोड़ा (पी.ओ.) घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में बीएनएस की धारा 209 के तहत मामला दर्ज किया गया था और इसकी जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि पी.ओ. स्टाफ की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी इन्द्र चंद पुत्र मनीराम निवासी मोचियों वाला मोहल्ला, तारानगर जिला चुरू (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
