जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जवाहर सर्किल इलाके में एक प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक मोबाइल पर बात करते हुए जा रही महिला का काफी दूर तक पीछा करता है। सुनसान गली मिलने पर आरोपी पीछे से महिला को पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ करता है। महिला द्वारा विरोध कर शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो जाता है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। फुटेज में दिख रहे हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल के दिनों में जयपुर में महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आमेर क्षेत्र में विदेशी युवती से बदसलूकी, एक ऑटो ड्राइवर द्वारा विदेशी पर्यटक के साथ गलत व्यवहार और इस्कॉन रोड पर बाइक सवार युवती से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं पहले ही सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
