जयपुर: महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में पास नहीं होने के मुद्दे पर सोमवार को जयपुर में भाजपा महिला मोर्चा विपक्ष के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने आयोजित होगा, जिसके बाद जुलूस कार्यालय से चौमू हाउस चौराहा होते हुए शहीद स्मारक तक निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन में करीब 5 हजार महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन और जुलूस को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। राजमहल टी-पॉइंट, पृथ्वीराज रोड, चौमू हाउस चौराहा, स्टैच्यू सर्किल और एमआई रोड जैसे इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इन मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। यातायात व्यवस्था के तहत राजमहल टी-पॉइंट से चौमू हाउस चौराहा के बीच सामान्य ट्रैफिक को समानान्तर मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। जुलूस के दौरान पृथ्वीराज रोड और परिवहन मार्ग से आने वाला ट्रैफिक स्टैच्यू सर्किल और परिवहन मार्ग तिराहा से मोड़ा जाएगा। वहीं चौमू हाउस चौराहा पहुंचने पर अशोका मार्ग और गर्वमेंट हॉस्टल चौराहा से गुजरने वाला यातायात भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट रहेगा। शहीद स्मारक पर प्रदर्शन के दौरान आवश्यकता अनुसार आसपास के मार्गों पर अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जा सकता है। जुलूस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले चारपहिया वाहन और बसों के लिए स्टैच्यू सर्किल के पास उद्योग मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। टोंक रोड और गोविंद मार्ग से आने वाली बसें निर्धारित रूट से होकर इसी पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगी, जबकि सीकर रोड और अजमेर रोड से आने वाली बसों के लिए भी अलग मार्ग तय किया गया है। हालांकि, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होगी और उनका आवागमन सुचारू रूप से जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और डायवर्जन प्लान का अनुसरण करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बनी रहे।
