– डबली वास पेमा चेना के वार्ड 4 के लोगों का फूटा गुस्सा- बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से कीचड़ और बीमारियों का खतरा
हनुमानगढ़। पीलीबंगा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत डबली वास पेमा चेना (14 जेआरके-बी) में वर्षांे से चली आ रही जलनिकासी की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड नंबर 4, गली नंबर 2 के ग्रामीणों ने पंचायत कार्यालय पर ताला लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 5 साल 7 महीने से बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गली में लगातार जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। इससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है, वहीं मच्छरों के प्रकोप और मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत, पंचायत समिति पीलीबंगा तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत प्रशासन लगातार इस गंभीर समस्या की अनदेखी करता आ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में नियमित रूप से ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया जाता, जिससे आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान की मांग करने का अवसर भी नहीं मिल पाता। सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष बरोड़ ने प्रशासन से शीघ्र जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत कार्यालय का घेराव कर आंदोलन तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान सुमन मेघवाल, शारदा, कविता, सुरेश बरोड़, मुकेश बरोड़, आनंद कालवा, देवीलाल बिर्ट, कालूराम बिर्ट, सुनील बिर्ट, भीमसेन, धीरू बेलान, मामकोरी देवी, विद्या देवी, मैना देवी, सावित्री देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
