जालोर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला सम्मेलन शुक्रवार को आयोजित हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे जन्म से ही कांग्रेस के विरोधी रहे हैं और कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मेघवाल ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज का सबसे बड़ा विरोधी यदि कोई दल रहा है तो वह कांग्रेस पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर का लगातार विरोध किया और लंबे समय तक संसद भवन में उनका चित्र तक नहीं लगाया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में बाबा साहब को सम्मान देने का कार्य किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के पक्ष में दिन-रात मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को लूटने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस को चोर, डाकू और लूटेरी पार्टी बताते हुए उसे देशद्रोही पार्टी करार दिया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ आम गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अनुसूचित जाति के मोहल्लों में कोई नहीं जाता था क्योंकि कांग्रेस उन्हें केवल अपना वोट बैंक मानती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने अनुसूचित जाति समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकारों में जहां अनुसूचित जाति वर्ग से चार मंत्री बनाए जाते थे, वहीं अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में सात और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में 12 मंत्री इस समाज से बनाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समाज के साथ छल किया और आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाया, जबकि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर कांग्रेस से जुड़े नहीं थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहब को सम्मान देने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को निचले स्तर तक लागू करने में समय लगा और पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत ने पंचायत चुनावों में एससी और एसटी वर्ग को प्रतिनिधित्व दिलाने का कार्य किया। आहोर विधायक छगनसिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को शेरनी का दूध बताया था और शिक्षा के प्रसार के लिए विद्यालयों की स्थापना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत के समय से लेकर वसुंधरा राजे सरकार तक प्रदेश में स्कूल खोलने का व्यापक कार्य किया गया। एससी मोर्चा जालोर के जिलाध्यक्ष बाबूलाल मेघवाल ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले की सरकारों ने बाबा साहब अंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया। इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल के मंच पर पहुंचने पर एससी मोर्चा, भाजपा मंडल और पदाधिकारियों द्वारा उनका माला और साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि सोलंकी, दिनेश महावार, सुरेश सोलंकी, परमवीर सिंह, गणपतसिंह बगेड़िया, जितेंद्र सरगरा, मोहन चिवड़ा, रमेश मेघवाल, ठाकराराम और मगनाराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में एससी मोर्चा और भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
