हनुमानगढ़। युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत अराईयांवाली के युवाओं ने बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिरिक्त पंचायत भवन में जिम स्थापित करने की अनुमति देने की मांग की। युवाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत अराईयांवाली में दो पंचायत भवन बने हुए हैं, जिनमें से एक भवन वर्तमान में खाली और अनुपयोगी है। ग्रामीण युवाओं का कहना है कि यदि इस भवन में जिम स्थापित किया जाता है तो इससे गांव के युवाओं को व्यायाम की बेहतर सुविधा मिलेगी और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकेंगे। युवाओं ने बताया कि जिम की स्थापना के लिए आवश्यक खर्च का एक हिस्सा वे स्वयं वहन करेंगे, जबकि शेष राशि विधायक कोष से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से भी राजकीय कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। युवाओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि अतिरिक्त पंचायत भवन में जिम संचालन की अनुमति प्रदान करते हुए आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि गांव के युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने और ‘नशे को ना, जीवन को हांÓ अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके। इस मौके पर अमृतपाल सिंह, जसनदीप सिंह, तरसेम सिंह, हरविन्द्र सिंह, जसप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, गुरपाल, लखविन्द्र सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरजोत सिंह, दलविन्द्र सिंह सहित कई अन्य युवा मौजूद थे।
