हनुमानगढ़। लखूवाली गांव में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। महिला समेत दो लोगों के साथ मारपीट की घटना के बाद घायल उपचार के लिए बुधवार देर रात्रि को टाउन स्थित राजकीय जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी उनका पीछा करते हुए अस्पताल पहुंच गया। हालांकि अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ देखकर मारपीट के आरोपित वहां से भाग निकले। आरोपितों के भागने के बाद पीड़ित पक्ष के लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित युवकों ने आरोपित पक्ष की अस्पताल के बाहर खड़ी लग्जरी कार में पहले जमकर तोड़फोड़ की और फिर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह राख हो गई। घटना से अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है, जिसके चलते विवाद इतना बढ़ गया। घटना के बाद एक पक्ष की ओर से टाउन थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
