– 81 लाख की लागत से 8 एसी कमरे, ऑक्सीजन पाइप लाइन व निजी जैसी सुविधाएं मिलेंगी
हनुमानगढ़। टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटेज वार्ड का व्यापक स्तर पर पुनर्निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद मरीजों को निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं जिला अस्पताल में ही उपलब्ध होंगी। जिला अस्पताल में वर्ष 2015 में नववर्ष के अवसर पर कोटेज वार्ड की शुरुआत की गई थी, लेकिन कोविड काल के दौरान स्टाफ की कमी और व्यवस्थागत कारणों से इसे बंद करना पड़ा। बाद में भवन को पीडब्ल्यूडी की ओर से कंडम घोषित किया गया, जिसके बाद नए सिरे से निर्माण की योजना तैयार की गई। पीडब्ल्यूडी की ओर से इस परियोजना के लिए लगभग 81 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माणाधीन कोटेज वार्ड में कुल 8 नए कमरे बनाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह वातानुकूलित होंगे। प्रत्येक कमरे का आकार लगभग 10 गुणा 12 फीट रखा गया है। इन कमरों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इनमें प्रत्येक कमरे में ऑक्सीजन पाइप लाइन, अलग से शौचालय व स्नानघर, मरीजों के लिए आवश्यक मेडिकल सपोर्ट सिस्टम, बेहतर हाइजीन और आरामदायक वातावरण शामिल है। इसके अलावा परिसर में मौजूद तीन पुराने कमरों का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा, ताकि उन्हें पुन: उपयोग में लाया जा सके।

कोटेज वार्ड में 24 घंटे हेल्पर और स्टाफ की तैनाती की जाएगी ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की देखभाल और त्वरित इलाज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अनुसार निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा किया जा रहा है और इसे दिसम्बर तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद आरएमआरएस की बैठक में कोटेज वार्ड के शुल्क और संचालन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।
निजी अस्पताल जैसी सुविधा जिला अस्पताल में
जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल में कोटेज वार्ड की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण कई मरीज निजी अस्पतालों की ओर रुख कर लेते थे। नए वार्ड के शुरू होने से मरीजों को अब जिला अस्पताल में ही निजी स्तर की सुविधा मिल सकेगी। यह सुविधा उन मरीजों के लिए होगी जो बेहतर कमरे और अतिरिक्त सेवाओं के लिए शुल्क वहन कर सकते हैं। इससे एक ओर मरीजों को सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन को आरएमआरएस के माध्यम से अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी।
अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य-बेहतर इलाज और बेहतर सुविधा
पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने कहा कि जिला अस्पताल का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी मरीज इलाज के बिना वापस न जाए। हर मरीज को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही प्राथमिकता है। नया कोटेज वार्ड इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जिला अस्पताल की सेवाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
