हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में दवा लेने पहुंचे एक बुजुर्ग मरीज की जेब से तीन अज्ञात व्यक्तियों की ओर से 10 हजार रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सतर्क लोगों की मदद से भाग रहे आरोपियों में से एक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। टाउन पुलिस थाना के अनुसार आदर्शनगर, वार्ड नम्बर दो निवासी राजाराम (50) पुत्र भागीरथ जाट ने लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके पिता भागीरथ पुत्र सहीराम जाट सोमवार, 9 फरवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे राजकीय जिला चिकित्सालय में दवा लेने के लिए गए थे। अस्पताल में वे लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और भीड़ का फायदा उठाते हुए उनकी जेब से 10 हजार रुपए निकाल लिए। जब उसके पिता को रुपए चोरी होने का आभास हुआ तो उन्होंने तुरंत शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे तीनों में से एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई दलीप सिंह को सौंपी है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों की पहचान और ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही अस्पताल परिसर में सक्रिय जेबकतरों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाने की भी बात कही गई है।
