ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024 में थाना डिंग क्षेत्र में दर्ज डोडा पोस्त तस्करी के एक मामले में संलिप्त अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि बीते वर्ष थाना डिंग पुलिस टीम ने गांव मोचिवाली से जोधकां रोड पर संदेहजनक हालात में एक ऑल्टो कार सड़क किनारे खड़ी दिखाई दी। पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर कार की तलाशी तो कार से 79 किलो 885 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपए आंकी गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार व बरामद डोडा पोस्त को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध डिंग थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।मामले की गहन जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरविंदर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गांव झंडा कलां, जिला मानसा (पंजाब) को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
