हनुमानगढ़। टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों (60 वर्ष से अधिक) के लिए संचालित 10 बेड वाले विशेष रामाश्रय वार्ड का नवीनीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। समर्पित जेरियाट्रिक केयर के तहत चल रहे इस वार्ड में बुजुर्ग मरीजों को आधुनिक और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। वार्ड में 5 महिला और 5 पुरुष मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक बेड पर पर्दे, ऑक्सीजन पॉइंट, नर्सिंग अलार्म, व्हीलचेयर, ट्रॉली तथा मनोरंजन के लिए टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही फिजियोथेरेपी, विशेषज्ञ चिकित्सक, ओपीडी सेवाएं, निशुल्क जांच, उपचार और भोजन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। बुजुर्ग मरीजों की देखभाल के लिए विशेष रूप से 8 कर्मचारियों का स्टाफ नियुक्त किया गया है, जो 24 घंटे सेवाएं देंगे। वार्ड में भर्ती मरीजों को जांच, दवा और भोजन की सुविधा वार्ड के भीतर ही उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें अस्पताल में इधर-उधर नहीं भटकना पड़े। पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि राज्य सरकार के इनोवेटिव प्रोजेक्ट के तहत लगभग दो वर्ष पूर्व रामाश्रय वार्ड की शुरुआत की गई थी। वर्तमान में यहां हर माह करीब 150 मरीज भर्ती हो रहे हैं। दो वर्ष की समीक्षा के बाद राज्य सरकार ने वार्ड को रेनोवेशन श्रेणी में शामिल करते हुए इसे पुन: तैयार करने के निर्देश दिए हैं। नवीनीकरण के तहत वार्ड में पर्दे, एयर प्यूरीफायर और बेहतर पेयजल व्यवस्था की जा रही है। रामाश्रय वार्ड राजस्थान सरकार की निशुल्क दवा एवं जांच योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य वृद्ध मरीजों को सम्मानजनक माहौल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद वार्ड को आधुनिक सुविधाओं के साथ दोबारा शुरू किया जाएगा, जिससे बुजुर्ग मरीजों को उपचार के दौरान अधिक सुविधा और आराम मिल सकेगा।
