- पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के तहत पॉलिटेक्निक कॉलेज में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) डॉ. खुशाल यादव ने शनिवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीना भी मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने हनुमानगढ़ जंक्शन में बस डिपो के नजदीक स्थित मुख्य डाकघर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डाकघर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुरुषोत्तम मौजूद रहे।
