हनुमानगढ़। महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला हनुमानगढ़ में कालिका पेट्रोलिंग टीम की सदस्य सुनीता, माया और कृष्णा ने पॉलीटेक्निकल कॉलेज स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में पहुंचकर छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान टीम सदस्यों ने उपस्थित छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन नंबरों से संपर्क करना चाहिए।

महिलाओं को आपातकालीन सेवा नंबर 112, गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। टीम ने समझाया कि इन नंबरों का सही समय पर उपयोग कर महिलाएं और बालिकाएं त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इस अवसर पर कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा RajCop Citizen App के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। टीम ने मौके पर ही उपस्थित छात्राओं के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड करवाया और इसके विभिन्न फीचर्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करना, पुलिस सहायता प्राप्त करना तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेना अत्यंत सरल हो गया है। डिजिटल माध्यमों के उपयोग से पुलिस और आमजन के बीच समन्वय और भी मजबूत हो रहा है। टीम सदस्यों ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी, ओटीपी शेयर न करने तथा संदिग्ध लिंक से सावधान रहने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा न करें और बैंक संबंधी जानकारी को पूर्णत: गोपनीय रखें। यदि कोई साइबर धोखाधड़ी का प्रयास करता है तो तुरंत 1930 पर सूचना दें।

उल्लेखनीय है कि जिला हनुमानगढ़ में वर्तमान में कालिका पेट्रोलिंग की 06 टीमें सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। ये टीमें हनुमानगढ़ जंक्शन एवं टाउन क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज, पार्क तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्कूटी के माध्यम से नियमित गश्त कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखती हैं। कालिका पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि समाज की सहभागिता और जागरूकता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है तथा वे अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति अधिक सजग हो रही हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि जिला हनुमानगढ़ को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाया जा सके।
