हनुमानगढ़। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत जिले में निजी स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्य पेशेवरों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने के लिए 15 से 30 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, लैब, फार्मेसी और सोनोग्राफी सेंटर सहित पात्र स्वास्थ्य संस्थानों की डिजिटल पहचान बनाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान निजी चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों की एचपीआईडी (हेल्थकेयर प्रोफेशनल आईडी) तथा पात्र स्वास्थ्य संस्थानों की एचएफआईडी (हेल्थकेयर फैसिलिटी आईडी) बनाई जाएगी। इसके साथ ही निजी चिकित्सा संस्थानों में एचएमआईएस सॉफ्टवेयर अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन हो सके। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य निजी स्वास्थ्य क्षेत्र को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ना है। पंजीकरण प्रक्रिया और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित संस्थान स्वास्थ्य भवन से जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सीएमएचओ ने जिले के सभी पात्र निजी स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्य पेशेवरों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निर्धारित अवधि में पंजीकरण करवाने की अपील की है।
