हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त राजस्थान उदयपुर एवं जिला कलक्टर के निर्देशन में आबकारी विभाग की ओर से जिले में हथकढ़ शराब के खिलाफ संयुक्त रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान गांव गंगागढ़, देबूघाट, अमरपुरा थेड़ी, नोहर, असरजाना, बिरकाली एवं सोनड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान करीब 4500 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) तथा 8 कच्ची भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा 864 पव्वे देसी शराब बरामद कर एक अभियोग दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार तथा जमादार हुसैन खान मय जाप्ता शामिल रहे। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के अनुसार जिले में हथकढ़ शराब की कशीदगी एवं बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड व गश्त की जा रही है और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आबकारी विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 547 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जो अवैध शराब के खिलाफ विभाग की सख्ती को दर्शाता है।
