भादरा। भादरा थाना पुलिस ने साहवा बायपास के पास कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 3500 रुपए नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मंगलवार को शाम करीब 4.36 बजे सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन से कस्बा भादरा में गश्त पर निकले थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साहवा बायपास के पास हाथीपुरा बास के नजदीक सड़क किनारे चार व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मुस्ताक खां (35) पुत्र शरीफ मोहम्मद निवासी वार्ड 22, एलबीएस स्कूल के पास, कस्बा भादरा, नरेश कुमार (25) पुत्र देवीलाल भार्गव निवासी वार्ड 11, विश्वकर्मा मंदिर के पास, कस्बा भादरा, ईश्वर सिंह (28) पुत्र मंगतूराम निवासी वार्ड 11, विश्वकर्मा मंदिर के पास, कस्बा भादरा तथा यूसुफ खां (36) पुत्र सतार मोहम्मद निवासी वार्ड 1, बिहारीपुरा बास, कस्बा भादरा बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास और बीच में रखी ढेरी से कुल 3500 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। मौके पर बरामद ताश के पत्तों को नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को राजस्थान पब्लिक गैंबलिंग ऑर्डिनेंस (आरपीजीओ) की धारा 13 के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक अक्षय कुमार को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह के अलावा कांस्टेबल शमशेर, रणजीत व मदन शामिल रहे।
