टिब्बी। उपखंड मुख्यालय सहित क्षेत्र में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पारंपरिक हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। मुख्य समारोह कस्बे के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहाँ जनसमूह का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी सत्यनारायण सुथार ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह के दौरान पूरा मैदान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गुंजायमान रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में स्थानीय शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल देशभक्ति का संदेश दिया गया, बल्कि सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, स्वच्छ भारत मिशन की सफलता और महिला सशक्तिकरण जैसे ज्वलंत विषयों पर भी सुंदर संदेश दिए गए। दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रशासन द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सरकारी सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों, शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और समाजसेवा में अग्रणी रहने वाले कुल 79 जनों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर गौरवान्वित किया गया। अपने विस्तृत संबोधन में एसडीएम सत्यनारायण सुथार ने भारतीय लोकतंत्र की मजबूती पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है जिसकी शक्ति इसके 96 करोड़ मतदाताओं में निहित है। उन्होंने संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि हमारा संविधान ही वह शक्ति है जो देश को एकता के सूत्र में पिरोए हुए है। उन्होंने विशेष रूप से सरहद पर डटे जवानों, खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों और देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने वाले इंजीनियरों व डॉक्टरों को नमन किया। कार्यक्रम के अंत में राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष सोनी ने सभी अतिथियों और आमजन का आभार जताया। समारोह में तहसीलदार हरीश कुमार टाक, थानाधिकारी हंसराज लूणा, विकास अधिकारी जसवीर सिंह, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश अरोड़ा, महात्मा गांधी स्कूल के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार भाटी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि कुलवंत सुथार और व्यापार मंडल संस्था अध्यक्ष विजय नोखवाल सहित उपखंड स्तर के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कस्बे स्थानीय राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव भोला सिंह बाजीगर ने तिरंगा फहराया। समारोह की अध्यक्षता अध्यापक संदीप कुमार ने की। अपने संबोधन में बाजीगर ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू कर उन्होंने देश को नई दिशा दी। इस सुखद अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को 4 मेट, कॉपियां, किताबें, स्लेट, पेन और मिठाई भेंट की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नतेश कुमार, रमेश कुमार, गुरबख्श सिंह, अमरीक सिंह और अर्जुन बावरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे सलेमगढ़ कै राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। प्रधानाचार्य शिवकुमार विश्नोई और मुख्य अतिथि बलजीत सिंह सेखों ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ बाल विवाह, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किए। मेधावी विद्यार्थियों को समाज सेवक समिति के अध्यक्ष युवराज सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य ने विद्यालय विकास का प्रतिवेदन पढ़ा और 30 लाख की लागत से ऑडिटोरियम निर्माण हेतु भामाशाह महेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच मदन सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन पवन मुद्गल व देवराज जोशी ने किया।
