– अनुमति को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अधिकारों व शिक्षा के प्रति जागरूकता पर रहेगा जोर
हनुमानगढ़। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से टिब्बी तहसील के प्रत्येक गांव में जन जागृति अभियान चलाने की तैयारी की गई है। अभियान के संचालन के लिए शुक्रवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवन्तराम पंवार ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) टिब्बी को ज्ञापन सौंपकर अनुमति प्रदान करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि अभियान के तहत 5 जुलाई 2026 से 4 अगस्त 2026 तक टिब्बी तहसील के विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं के माध्यम से बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाएगा। पार्टी ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि अभियान के लिए बोलोरो वाहन का उपयोग किया जाएगा। वाहन के मालिक एवं चालक विकास कुमार पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी सेक्टर-6, हनुमानगढ़ हैं। अभियान के सुचारू संचालन के लिए उक्त अवधि में वाहन के माध्यम से प्रचार-प्रसार की अनुमति देने का अनुरोध किया गया है। इस दौरान जिलाध्यक्ष रेवन्तराम पंवार के साथ एडवोकेट विकास झौरड़, सुभाष चंद्र आलड़िया, देवी लाल मेहरड़ा तथा आजाद समाज पार्टी के विधानसभा उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
