टिब्बी। कस्बे में मंगलवार को भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य भीम चेतना यात्रा निकाली गई। जय भीम के उद्घोष से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। यात्रा का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर भवन से हुआ, जहां नगर पालिका अध्यक्ष संतोष सुथार ने पंचशील ध्वज दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा कस्बे की मुख्य गलियों से होते हुए बाजार पहुंची, जहां भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस विशाल यात्रा में टिब्बी सहित आसपास के गांव—नाईवाला, सालीवाला, शेरेकां, सुरेवाला, पीरकामड़िया, मेहरवाला, डबली खुर्द, डबली कलां और तलवाड़ा झील—से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

इस मौके पर डॉ. अंबेडकर नवयुवक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अमर सिंह, कुलवंत सुथार, विजय किलानिया, कविता बौद्ध और रामस्वरूप प्रबुद्ध सहित कई वक्ताओं ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. अंबेडकर भवन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब के विचार केवल एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के उनके सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत सालीवाला में भी बाबा साहब की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। अंबेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। ग्रामीणों ने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान महेंद्र बारूपाल ने गांव में सार्वजनिक लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई में मदद मिल सके। इस अवसर पर उपसरपंच सुनीता छिन्द्रपाल, कृष्ण कुमार, संदीप गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
संवाददाता- प्रभु राम
