टिब्बी। कस्बे के बाबा रामदेव मंदिर में आगामी 8 फरवरी को प्रस्तावित विशाल हिन्दू सम्मेलन को लेकर बुधवार को तैयारियों का बिगुल फूंक दिया गया। जिला प्रचारक राधेश्याम की अध्यक्षता में गोदारा मार्केट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मेलन के पोस्टर और बैनर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि 8 फरवरी को आयोजित होने वाला यह सम्मेलन भव्य होगा, जिसमें शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पीले चावल बांटकर लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन की शुरुआत गायत्री शक्तिपीठ मंदिर से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जो मुख्य बाजार के रास्तों से गुजरते हुए बाबा रामदेव मंदिर परिसर में संपन्न होगी। इस सम्मेलन में क्षेत्र के प्रबुद्ध साधु-संतों का सानिध्य प्राप्त होगा, जो हिन्दू समाज की एकजुटता और सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। पोस्टर विमोचन के दौरान दिनेश अग्रवाल, राजेंद्र वर्मा, देवेंद्र सिंह, जितेंद्र गर्ग,पूनम सेवग, जगरुप सिंह, रघुवीर सिंह ढाका, शंकर पटीर, विपिन शर्मा, सुनील शर्मा, सुभाष मांडन, सुरेंद्र स्वामी और ध्यानचंद अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
