रावतसर। स्थानीय टीएसए इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीश हेतराम मुंड मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधीश हेतराम मुंड ने कहा कि आज के दौर में इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने मोबाइल फोन का सुरक्षित उपयोग करने, बैंकिंग और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर साझा की गई फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग किया जा सकता है। कई बार साइबर अपराधी लोगों को डराकर, मानसिक दबाव बनाकर या लालच देकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क करना चाहिए। न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए तथा उनके मार्गदर्शन में चलकर ही सही दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। विद्यालय के निदेशक सुरेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वहीं प्रधानाचार्या रेनू मुद्गल ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में एडवोकेट हनुमान जोशी, एडवोकेट गौरीशंकर वर्मा सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे और उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
संवाददाता- असीजा
