हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ ट्रक यूनियन की ओर से टाउन स्थित एफएसडी गोदाम के पास पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वाटर कूलर स्थापित किया गया है। शुक्रवार को यूनियन पदाधिकारियों ने ट्रक ऑपरेटरों की मौजूदगी में वाटर कूलर का लोकार्पण किया। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि एफएसडी गोदाम क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं थी। कृषि जिन्स लेकर गोदाम पहुंचने वाले ट्रक चालकों, मजदूरों और आसपास के मोहल्लों के लोगों को गर्मी के मौसम में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए हनुमानगढ़ ट्रक यूनियन की ओर से करीब साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से कमरे का निर्माण करवाकर उसमें वाटर कूलर स्थापित कराया गया है। उन्होंने बताया कि करीब 50 वर्ष पूर्व स्थापित हनुमानगढ़ ट्रक यूनियन हमेशा सामाजिक और परमार्थ के कार्यांे में अग्रणी रही है। यूनियन की ओर से गोशाला, अनाथालय, वृद्धाश्रम, अस्पतालों तथा धार्मिक स्थलों पर जरूरत के अनुसार सहयोग किया जाता रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि ट्रक यूनियन हजारों परिवारों की रोजी-रोटी का माध्यम होने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के कार्यांे में भी लगातार योगदान दे रही है।
