हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले बुधवार को 33/11 केवी जीएसएस गांधीनगर, हनुमानगढ़ जंक्शन में ठेका मजदूरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए टेंडरों के बाद ठेकेदारों द्वारा मजदूरों को डराने-धमकाने और मनमानी शर्तें थोपने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार न्यूनतम वेतन से कम भुगतान करने की बात कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे राज्य सरकार और विद्युत विभाग द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी नियमों को लागू करवाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने मांग की कि 33/11 केवी उप चौकियों पर कार्यरत सभी ठेका कर्मचारियों को निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जाए और ठेकेदारों को इसके लिए पाबंद किया जाए। बैठक में यह भी मुद्दा उठा कि कई वर्षों से कार्यरत अनुभवी कर्मचारियों को हटाकर नए और अनुभवहीन लोगों को लगाया जा रहा है, जिससे हादसों की आशंका बढ़ रही है। मजदूरों ने मांग की कि पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों को ही प्राथमिकता दी जाए। इसके अलावा मजदूरों ने मांग रखी कि विद्युत विभाग में ठेका प्रणाली समाप्त कर चिकित्सा, पंचायतीराज व आंगनबाड़ी की तरह सीधे संविदा पर भर्ती की जाए। श्रम कानूनों के तहत साप्ताहिक अवकाश या उसके बदले दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा सभी उप चौकियों पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। बैठक के दौरान कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विनोद कुमार को महामंत्री, सौरभ शर्मा को अध्यक्ष, अमनदीप को कोषाध्यक्ष, नीरज शर्मा को संगठन मंत्री, मोहनलाल वर्मा को मीडिया प्रभारी, नरेश को कार्यकारी अध्यक्ष और अमित बेनीवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
