– डबलीबास पेमा के चेना बास वार्ड 4 में बरसाती पानी निकासी की मांग- प्रशासन ने 7 अगस्त से कार्य शुरू कराने का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत डबलीबास पेमा के चेना बास स्थित वार्ड नंबर 4 में पिछले करीब तीन वर्षांे से बरसाती पानी के ठहराव की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को पंचायत मुख्यालय पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मुख्य गली से पानी निकासी का रास्ता नीचा कर उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। धरने की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत प्रशासक राजेन्द्र भाम्भू, नायब तहसीलदार रविशंकर, ग्राम विकास अधिकारी तथा सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पूर्व सरपंच बालचंद ज्याणी, एडवोकेट भागीरथ कालवा एवं रमेश भाम्भू ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत ने गांव के पुराने पानी निकासी मार्ग पर इंटरलॉक टाइल्स बिछाकर उसे करीब ढाई से तीन फीट ऊंचा कर दिया था। इसके कारण मुख्य गली से जोहड़ की ओर होने वाली प्राकृतिक जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की दक्षिण से उत्तर दिशा तक जाने वाली मुख्य गली अपेक्षाकृत नीची होने के कारण वहां पूरे समय पानी भरा रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। गत दिनों हुई बारिश के बाद वर्तमान में जलभराव के कारण आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गांे और महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत को अवगत कराया गया, लेकिन तीन वर्षांे में कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। करीब 15 दिन पहले भी इसी मांग को लेकर पंचायत परिसर में धरना दिया गया था, लेकिन उसके बाद भी स्थिति नहीं बदली। प्रशासन के साथ हुई वार्ता के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को 7 अगस्त से गली को नीचा कर पानी निकासी का कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि यदि तय समय पर कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे दोबारा बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आंदोलन तेज करेंगे। हालांकि, इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत प्रशासक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मीडिया के समक्ष कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
