पीलीबंगा। पीलीबंगा कस्बे के निकट लखूवाली-रावतसर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल किशोर को पहले हनुमानगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे श्रीगंगानगर रेफर किया गया। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में देवीलाल महिया (74) पुत्र जगमालराम निवासी चक 3 पीबीएन ग्राम पंचायत कालीबंगा तहसील पीलीबंगा ने बताया कि उसका पुत्र संतलाल महिया लखूवाली-रावतसर रोड पर टोल प्लाजा के पास स्थित हरीओम पेट्रोल पंप (भारत पेट्रोलियम) का मालिक है। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को शाम करीब 6.30 बजे उसका पोता भविष्य महिया पेट्रोल पंप से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रावतसर की तरफ से आ रही एक हुंडई आई-20 कार के चालक ने उसे टक्कर मार दी। रिपोर्ट के अनुसार कार चालक मदनलाल पारीक, निवासी बीरबल विहार कॉलोनी, मंडी पीलीबंगा, टक्कर मारने के बाद घायल किशोर को सड़क पर ही छोड़कर बिना रुके अपनी कार लेकर मंडी पीलीबंगा की ओर फरार हो गया। पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी ने फोन कर देवीलाल महिया को सूचना दी कि भविष्य महिया सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही देवीलाल महिया और उनके पुत्र मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि किशोर सड़क किनारे बेहोश पड़ा था और उसके सिर से काफी खून बह चुका था। परिजन घायल भविष्य महिया को तुरंत सरकारी अस्पताल हनुमानगढ़ लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। वर्तमान में भविष्य महिया जन सेवा अस्पताल, श्रीगंगानगर में भर्ती है। परिजनों के अनुसार दुर्घटना में किशोर के सिर का बड़ा ऑपरेशन करना पड़ा, उसका दायां हाथ दो जगह से टूट गया तथा बाएं पैर का टखना फ्रैक्चर हो गया है। देवीलाल महिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मदनलाल पारीक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक मदनलाल को सौंपी है।
