हनुमानगढ़। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भिरानी पुलिस थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता ममता (19) पुत्री धर्मवीर नायक निवासी पीरांवाली ढाणी हाल गढ़ड़ा तहसील भादरा ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार ममता का विवाह 3 नवंबर 2025 को हरियाणा के हिसार जिले के पीरांवाली ढाणी निवासी नीकू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के दौरान उसके परिजनों की ओर से नकद राशि सहित सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं स्त्रीधन के रूप में दी गई थीं। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति नीकू, ससुर संजय, सास नीलम और देवर अरमान दहेज से असंतुष्ट रहते हुए एक लाख रुपए नकद और मोटर साइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने विवाहिता के साथ मारपीट की तथा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता ने बताया कि 12 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर गंभीर रूप से मारपीट की। सूचना मिलने पर उसके पिता धर्मवीर सहित अन्य परिजन ससुराल पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने बिना अतिरिक्त दहेज के उसे रखने से साफ इंकार कर दिया। साथ ही, पीड़िता की ओर से अपना स्त्रीधन वापस मांगने पर भी उसे लौटाने से मना कर दिया गया। इसके बाद से पीड़िता अपने पीहर में रहने को मजबूर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस राजेन्द्र कुमार कर रहे हैं।
