संगरिया। किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने दीनगढ़-ढाबा गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों की लंबित गेहूं खरीद को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर खरीद लक्ष्य तुरंत बढ़ाने की मांग की है। ढिल्लों ने बताया कि दीनगढ़-ढाबा खरीद केंद्र पर इस वर्ष खरीद लक्ष्य में भारी कटौती कर दी गई है। पिछले वर्ष जहां लगभग 46714 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी, वहीं इस वर्ष केवल 27390 क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यानी करीब 19324 क्विंटल कम लक्ष्य तय किया गया है, जबकि इस बार किसानों की आवक अधिक रही है। उन्होंने बताया कि खरीद केंद्र पर कुल 430 किसानों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से अब तक केवल 211 किसानों की ही खरीद हो पाई है, जबकि 219 किसान अभी भी खरीद से वंचित हैं। किसानों द्वारा अनुमानित कुल आवक 47843.06 क्विंटल है, जिसमें से अब तक 26607.5 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है और लगभग 21235.56 क्विंटल गेहूं खरीद के लिए शेष पड़ा हुआ है। वहीं करीब 10500 क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा होने से किसानों में भारी चिंता बनी हुई है। बलकौर सिंह ढिल्लों ने कहा कि खुले में पड़ी गेहूं की फसल तेज गर्मी, आंधी और बारिश के खतरे के बीच खराब होने की आशंका बनी हुई है। छोटे और गरीब किसान अपनी मेहनत की फसल को लेकर परेशान हैं तथा आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दीनगढ़-ढाबा खरीद केंद्र का खरीद लक्ष्य तुरंत बढ़ाया जाए तथा शेष गेहूं की जल्द खरीद सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
