– दीपक, थाली सजाओ, रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को दीपावली के उपलक्ष्य में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान दीपक सजाओ, थाली सजाओ, कार्ड बनाओ, गुलदस्ता-बुके बनाओ, पोस्टर, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राम, लक्ष्मण, सीता एवं शबरी के प्रसंग का मंचन कर मर्यादा, भक्ति और प्रेम का संदेश दिया। इसके अलावा पंजाबी एवं राजस्थानी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं तथा डांडिया नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। इस मौके पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के अन्तर्गत रस्साकशी, चम्मच दौड़, खो-खो, कबड्डी का भी आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में स्वपनदीप प्रथम, भाविका द्वितीय, बुके बनाओ प्रतियोगिता में संजय ने प्रथम और जोया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। थाली सजाओ प्रतियोगिता में किरणदीप प्रथम, रितिका द्वितीय और रूही तृतीय रही। कार्ड बनाओ प्रतियोगिता में हिमानी प्रथम, स्वपनदीप द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रधानाचार्य प्रेरणा रस्तोगी ने बताया कि दीपावली की छुट्टियां समाप्त होने के तुरंत बाद विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। बच्चों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रखने और पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीपक जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने मन में व्याप्त नकारात्मक विचारों और एक-दूसरे के प्रति द्वेष की भावना को त्यागकर सकारात्मक सोच अपनाने का भी अवसर है। हमें अपने भीतर दया, प्रेम और सहयोग की ज्योति प्रज्वलित करनी चाहिए। सभी समाज के नागरिक हैं और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
