हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन उत्तर-पश्चिमी राजस्थान महिला अग्रवाल सम्मेलन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। संगठन की प्रदेशाध्यक्ष ज्ञानज्योति गुप्ता एवं प्रदेश महामंत्री घनश्याम गुप्ता ने जंक्शन निवासी दीपा डालमिया को महिला अग्रवाल सम्मेलन का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। नई कार्यकारिणी में आशा गुप्ता को जिला कोषाध्यक्ष तथा श्वेता गोयल को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दीपा डालमिया पूर्व में भी जिला महामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा वे समाज सेवा, गौ सेवा तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। संगठनात्मक कार्यांे में सक्रिय भागीदारी, सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनके मनोनयन पर समाज के विभिन्न संगठनों, गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दीपा डालमिया ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी तथा समाज में सेवा, सहयोग और संस्कारों की भावना को और अधिक मजबूत बनाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।

महिला सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को एक मंच पर लाकर उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही युवा पीढ़ी को समाज की गौरवशाली परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दीपा डालमिया ने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग और समरसता को बढ़ावा देना है। इसके लिए जिलेभर में महिला जागरूकता कार्यक्रम, प्रतिभा सम्मान समारोह, स्वास्थ्य शिविर, सांस्कृतिक आयोजन तथा सामाजिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समाज की महिलाओं से संगठन से जुड़कर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
