हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड 18 स्थित दुर्गा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से वार्डवासी परेशान हैं। मंगलवार को कॉलोनीवासियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर पेयजल, सीवरेज, सड़क, बिजली और सफाई व्यवस्था की समस्याओं से अवगत कराया। भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि पिछले छह माह से कॉलोनी में गंदे व बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है। इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया है। वहीं पिछले दो वर्षांे से सीवरेज निर्माण कार्य के दौरान सड़कों और पानी की पाइप लाइनों को तोड़ दिया गया, जिन्हें आज तक ठीक नहीं किया गया है। कॉलोनी की नालियां काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं, जिससे नालियों का गंदा पानी घरों की नींव में जा रहा है। इससे पूरा क्षेत्र सेमग्रस्त होता जा रहा है और मकानों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा वार्ड में कई बिजली के खंभे झुके हुए हैं और टूटने की कगार पर हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। कॉलोनीवासियों ने सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए बताया कि नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। वार्डवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कर कॉलोनीवासियों को राहत प्रदान की जाए।
